राज्य मंत्री (जल संसाधन एवं अल्पसंख्यक मामले), भारत सरकार माननीय श्री विन्सेट एच0 पाला दि0 14.11.2011 को टिहरी हाइड्रो पावर काम्पलेक्स के निरीक्षण करने टिहरी पहुचे। टीएचडीसी के अतिथि गृह पहुचने पर महाप्रबन्धक(परियोजनाएं) श्री डी0के0गोविल, अपर महाप्रबन्धक(का.एवं प्र.) श्री विजय गोयल, अपर महाप्रबन्धक(नियोजन) श्री एस0आर0 मिश्रा एवं अपर महाप्रबन्धक(विद्युत/ओ.एण्ड एम.) श्री मोहर मणि द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया गया। इनके साथ केन्द्रीय जल आयोग के अध्यक्ष श्री आर0सी0झा एवं सी0एस0एम0आर0एस0 के निदेशक मुरारी रत्नम भी परियोजना के निरीक्षण पर थे। भोजन अवकाश के बाद माननीय मंत्री जी, अध्यक्ष (सी डब्ल्यू सी), निदेशक(सी.एस.एम.आर.एस.), टीएचडीसी इण्डिया लि. के निदेशक(तकनीकी) श्री डी0वी0सिंह ने टिहरी एवं कोटेश्वर बॉध परियोजना के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान टीएचडीसी के निदेशक(तकनीकी) श्री डी0वी0 सिंह ने विस्तार पूर्वक टिहरी परियोजना के शूट स्पिलवे का निरीक्षण करवाया तत्पश्चात सीधे कोटेश्वर बांध परियोजना के निरीक्षण करने चले। कोटेश्वर परियोजना के शाफ्ट स्पिलवे के साथ उन्होंने पावर हाउस का निरीक्षण किया एवं विद्युत उत्पादन सम्बन्धी जानकारी ली। कोटेश्वर परियोजना के भ्रमण करने के पश्चात माननीय मंत्री जी एवं अन्य अधिकारीगण टिहरी के हाइड्रो पावर प्लान्ट का निरीक्षण करने पहँचे। जहां उन्होंने भूमिगत पावर हाउस पहुँच कर के टिहरी बांध परियोजना के प्रथम चरण के 1000 मेगावाट विद्युत उत्पादन एवं द्वितीय चरण पम्प स्टोरेज प्लान्ट के निर्माण कार्यो की जानकारी ली। पावर हाउस के कांफ्रंस हॉल में निदेशक(तकनीकी) द्वारा टिहरी पावर कम्पलेक्स के विभिन्न पुनर्वास स्थलों, पुरानी टिहरी आदि के बारे में स्लाइड प्रस्तुतीकरण दिया गया एवं टिहरी एवं कोटेश्वर बांध परियोजना निर्माण सम्बन्धी जानकारी से अवगत कराया।
दि0 15.11.2011 को पुनः माननीय मंत्री महोदय, अध्यक्ष केन्द्रीय जल आयोग एवं निदेशक सीएसएमआरएस द्वारा टिहरी बांध के जलाशय का टीएचडीसी की बार्ज द्वारा जलाशय एवं जलाशय के आस-पास के क्षेत्रों का निरीक्षण किया गया। माननीय मंत्री जी द्वारा बांध निर्माण कार्यो की सराहना की गई। जलाशय के निरीक्षण करने के पश्चात माननीय मंत्री जी द्वारा टीएचडीसी द्वारा निर्मित टीएचडीसी इंस्टीट्यूट ऑफ हाइड्रो पावर इंजीनियरिंग कालेज, डिबनू, टिहरी का भ्रमण किया गया। जहां माननीय मंत्री जी इंजीनियरिंग कालेज के हर ब्रांच के छात्र-छात्राओं से रूबरू हुए एवं उनके द्वारा छात्रों को इंजीनियरिंग के टिप्स प्रदान किए गये।